युद्ध के लिए तैयार राम की सेना।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम (कन्नौज)। कस्बे के तालग्राम में चल रही रामलीला में रावण वध का मंचन किया गया। दशानन के धराशायी होते ही दर्शकों ने प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाए। पुष्प वर्षा भी की।
रामलीला मैदान पर बुधवार को दर्शकों की भीड़ रही। कुंभकर्ण, नारांतक का वध होते ही रावण बची सेना को इकट्ठा कर श्रीराम से युद्ध करने निकला। भगवान श्रीराम और रावण के बीच भीषण युद्घ हुआ। श्रीराम की अनेक दैवी शक्तियां रावण का वध करने में असफल रहीं। तब विभीषण ने रावण की नाभि में स्थित अमृत कुंभ का रहस्य राम को बताया। इस पर रावण की नाभि पर अग्निबाण का वार कर धराशायी कर दिया। मेला परिसर के पास रावण के बीस फ ीट ऊंचे पुतले को रामलीला समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद्र और पूर्व चेयरमैन दिनेश सिंह यादव ने आग लगाई। रंग बिरंगी आतिशबाजी देख लोग मंत्र मुग्ध हो गए।
अध्यक्ष ने बताया कि दो दिन रात्रिकालीन रामलीला का आयोजन कस्बे के राजतिलक स्थल पर होगा। रामबाबू दुबे, अन्नू यादव, रामजी सैनी, अवधेश, सुखलाल, जमील अद्दुआ, राजेश सैनी और थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह फोर्स के साथ रहे।