गुरसहायगंज। प्लॉट पर कब्जे के विवाद को लेकर पिता-पुत्रों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने पहले मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर गिराया और फिर डंडे व ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी समधन के गांव अनीभोज निवासी ओमजी ने कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के रामदेव, श्यामदेव, ऋषि और उमाशंकर उसके प्लॉट पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि 23 फरवरी और 23 मई को भी आरोपियों ने प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया था। उस समय ओमजी और उनकी मां ने विरोध किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए थे। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे वह समधन से पैदल अपने गांव लौट रहे थे। रेलवे क्रॉसिंग से करीब 300 मीटर आगे आरोपी मोटरसाइकिल से समधन की ओर जा रहे थे। आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपियों ने बाइक से उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। गिरने के बाद रामदेव ने उसके हाथ पर डंडे से वार किया, जिससे हाथ की एक अंगुली टूट गई। वहीं श्यामदेव ने पैर पर ईंट मार दी, जिससे पैर का अंगूठा टूट गया। हमले के दौरान वह बेहोश हो गया। राहगीरों ने उसे गुरसहायगंज पहुंचाया। होश आने पर उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपों की जांच कर कार्रवाई कर रही है।