थाना तालग्राम के ताहपुर में परिजनों की गैर मौजूदगी घर में मूंगफली भूनते समय दो सगे भाइयों के घर जल गए। आग से नगदी सहित गृहस्थी राख हो गई, साथ ही पांच वर्षीय बालिका झुलस गई।
गांव निवासी रामकिशन बाथम शनिवार की शाम 4.30 बजे अपने भाई राम गोपाल व उसके भाई की पत्नी मंजू के साथ खेतों में मूंगफली खोदने गया था। घर पर उसकी भतीजी भारती (5), स्वाती (13) अकेली थी। बालिकाओं ने मूंगफली खाने के लिए भूनने के लिए छप्पर के नीचे आग जला दी। छप्पर में आग पकड़ ली। बालिकाओं के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग दौड़ पड़े। प्रधान जयसिंह के सबमर्सिबल से आग पर काबू पाया जा सका।
गृह स्वामी के अनुसार दोनों घर में रखे 20 हजार नगदी, घरेलू सामान, कपड़ा, अनाज, लहसुन समेत लगभग एक लाख का नुकसान हुआ है। आग की लपटों में फंसने से पांच वर्षीय बालिका भारती झुलस गई। परिजनों ने बालिका को निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया है। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान जयसिंह कनौजिया ने आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है। क्षेत्रीय लेखपाल राकेश बाबू को क्षति का आकलन करने की सूचना दी है।