कन्नौज। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 जारी है। पात्र नागरिकों से फॉर्म-छह भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की अपील है। 24 अक्तूबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित होगा, जिसकी अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 है।
नए और छूटे हुए मतदाता फॉर्म-छह के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को छोड़कर अन्य में घोषणापत्र की अनिवार्यता समाप्त की गई है। आवेदन में सही नाम, पता, नवीनतम फोटो और मोबाइल नंबर अंकित करना आवश्यक है। आयु प्रमाण हेतु जन्म प्रमाण-पत्र, आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस, कक्षा 10/12 प्रमाण-पत्र या पासपोर्ट की स्वप्रमाणित प्रति दें।
दस्तावेज न होने पर वैकल्पिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी। निवास प्रमाण के लिए बिजली, पानी, गैस का एक वर्ष का बिल, आधार, बैंक पासबुक या पासपोर्ट मान्य हैं। भूमि स्वामित्व अभिलेख, पंजीकृत किरायानामा या विक्रय विलेख भी निवास प्रमाण के रूप में स्वीकार्य होंगे। दस्तावेज न होने पर बीएलओ स्थलीय सत्यापन करेगा। पात्र नागरिक संबंधित एप पर ऑनलाइन या बीएलओ के पास ऑफलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
18 से 21 वर्ष के आवेदकों को प्रमाण न होने पर शपथ-पत्र देना होगा। इसमें माता-पिता या गुरु के हस्ताक्षर और निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपस्थिति अनिवार्य है। माता-पिता जीवित न होने पर ग्राम प्रधान या नगरीय निकाय सदस्य द्वारा जारी आयु प्रमाण मान्य होगा। 21 वर्ष से अधिक आयु के आवेदक स्वयं घोषणापत्र दे सकते हैं।