तालग्राम। कस्बे में एक युवक की मौत के मामले में मामा ने पुलिस को कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने के लिए मंगलवार को तहरीर दी है। इसमें आरोप है कि भांजे के हिस्से की संपत्ति हड़पने के लिए पिता और सौतेली मां ने हत्या कर शव दफन कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जिला कानपुर नगर के थाना अरौल अंतर्गत गांव रौगांव निवासी नौशाद अहमद ने बताया कि बहन शमा बानो की शादी वर्ष 2001 में कस्बे तालग्राम निवासी एक युवक से की थी। छह साल पहले मेरी बहन की मौत हो गई। उसका इकलौता बेटा अमन था। बहनोई ने चार साल पहले दूसरी शादी कर ली है और दो बच्चे हैं। अब हिस्से की जायदाद को लेकर भांजे के पिता और सौतेली मां अक्सर मारपीट करते रहते थे। इस बात को कई बार भांजे ने बताया था। 23 जुलाई को शाम छह बजे दोनों लोगों ने मिलकर भांजे को मारपीट कर गले में फंदा लगाकर हत्या कर दी। साथ ही बिना सूचना के शव को कब्रिस्तान में दफन कर दिया।
तीन चार दिन तक भांजे से बात नहीं हुई तो अमन के बारे में बहनोई से पूछा तो जवाब नहीं दिया। मोहल्ला वालों से जानकारी की गई तो पता चला अमन की मौत हो गई है। थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया का कहना है कि मौत के समय तहरीर नहीं दी थी। अब तहरीर मिली है इसी आधार पर मामले को गंभीरता से लेकर जांच कराई जा रही। जांच के बाद सच्चाई सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।