विजेता टीम को ट्राफी प्रदान करते योगेंद्र सिंह भदौरिया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
भारतीय शिक्षा सदन इंटर कालेज के खेल मैदान में खेले जा रहे अंतर्जनपदीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में फतेहगढ़ की टीम को 69 रनों से हराकर कन्नौज ने चैंपियन ट्राफी पर कब्जा जमा लिया। मोना को मैन आफ द मैच व मैन आफ द सीरीज ट्राफी प्रदान की गई। मंगलवार को खेले गए अंतर्जनपदीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में रायल क्रिकेट क्लब कन्नौज ने टास जीतकर पहले खेलते हुए 20 ओवर में छह विकेट खोकर 157 रन बनाए। इसमें मोना ने अर्द्धशतक जमाया, जबकि आकिब ने शानदार 28 रन बनाए।
फतेहगढ़ के गेंदबाज बउआ ने दो विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी जयहिंद क्रिकेट क्लब फतेहगढ़ की टीम कन्नौज के गेंदबाजों का मुकाबला नहीं कर सकी और पूरी टीम 88 रन बनाकर आल आउट हो गई। उनकी टीम में शैलू ने सर्वाधिक 23 व विजय ने 17 रन बनाए। कन्नौज के गेंदबाज नईम ने चार व जुनैद ने दो विकेट लिए। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह भदौरिया ने कन्नौज टीम के कप्तान को विजेता ट्राफी, जबकि भाजपा जिला महामंत्री गौरव दुबे ने फतेहगढ़ की टीम के कप्तान को उपविजेता ट्राफी सौंपी।
नईम को वेस्ट बालर, सोनू ठाकुर को वेस्ट बल्लेबाज, केके यादव को वेस्ट कीपिंग का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा मोना को मैन आफ द मैच व मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। संजीव गुप्ता व सुधाकर द्विवेदी ने अंपायरिंग व हनी सिंह, राजू ठाकुर व अमित दीक्षित ने कमेंट्री व स्कोरिंग का दायित्व निभाया। इस दौरान अचल कुमार सक्सेना, राजेश मिश्रा, आशीष द्विवेदी, अनुराग दुबे, अभिजीत गुप्ता, सुशील सैनी आदि मौजूद रहे।