छिबरामऊ (कन्नौज)। नए नलकूप की स्थापना और छिबरामऊ पुनर्गठन पेयजल योजना को शुरू कराने के लिए भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। सोमवार को भी जल निगम, प्रशासन का कोई भी अधिकारी अनशनकारियों की सुधि लेने नहीं पहुंचा। अधिकारियों की अनदेखी से बहवलपुर के लोगों में आक्रोश है।
रविवार से आंदोलन के अगुवा हरिशरण शाक्य, जयप्रकाश, समाजसेवी अमित शाक्य व वयोवृद्ध बाबा रामनरेश ने भूख हड़ताल शुरू की है। सोमवार को भी यह भूख हड़ताल पर रहे। वहीं गांव के लोगों ने 41वें दिन भी क्रमिक अनशन जारी रखा। आंदोलन के अगुवा हरिशरण शाक्य ने कहा कि नए नलकूप की स्थापना होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। नगर में पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए प्राण देने को भी तैयार हैं।
इस मौके पर श्रवण कुमार गुप्ता, रामू शर्मा, राम प्रताप शर्मा, राजू, सुमित पाल, मुन्नालाल कश्यप, रामवीर शर्मा, मधू, संगीता नागर, शोभाराम नागर, धीरज कुमार बाथम, रामशंकर शाक्य, बादाम सिंह शाक्य, बीरबल बाथम, किशनलाल शाक्य, सोबरन सिंह शाक्य, सोनेलाल, रामशंकर शाक्य, संजीव कुशवाहा, डॉ. सुरेंद्र सिंह शाक्य, आदित्य त्रिपाठी, रवीकांत श्रीवास्तव, संजीव हजेला एडवोकेट, अरवेश कुमार सिंह व सभासद शहनवाज उर्फ रानू कुरैशी मौजूद रहे।
अनशनकारियों का हुआ चिकित्सीय परीक्षण
सीएचसी प्रभारी डॉ. राहुल मिश्रा के निर्देश पर डॉ. हसीब खां, लैब टेक्नीशियन श्याम कुमार ने अनशन स्थल पर अनशनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉ. हसीब खां ने बताया कि दूसरे दिन भी अनशनकारियों का ब्लड प्रेशर व शुगर नार्मल मिला। रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम देवेश गुप्ता को भेजी जाएगी।