छिबरामऊ। तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो बृजमोहन शर्मा को सेवानिवृत्त हुए 33 दिन हो गए, अभी तक किसी ने चार्ज नहीं लिया। परेशान रजिस्ट्रार कानूनगो ने उच्चाधिकारियों से चार्ज दिलवाने की मांग की है।
तहसील में रजिस्ट्रार कानूनगो बृजमोहन शर्मा 31 दिसंबर 2020 को सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने बताया कि फाइलें और सूची तैयार कर ली है। कोई भी चार्ज लेने के लिए तैयार नहीं है। सौरिख के कानूनगो रामवीर सिंह को चार्ज सौंपने के निर्देश दिए गए थे। वह मेडिकल लीव पर घर चले गए।
उन्होंने बताया कि एसडीएम देवेश गुप्ता और तहसीलदार अभिमन्यु कुमार से चार्ज मुक्त किए जाने के लिए कहा था। अभी तक किसी को चार्ज नहीं दिया गया। वहीं अब तक किसी के चार्ज न लेने से इस पटल का मुख्य कार्य आवंटन पत्रावली का मुआयना, संक्रमणीय, असंक्रमणीय रिपोर्ट और प्रार्थनापत्रों की त्रुटियों की रिपोर्ट का काम बंद है।
छिबरामऊ में 16 की जगह तीन हैं कानूनगो
तहसील में 16 कानूनगो का कार्य तीन लोग निपटा रहे हैं। इस समय कानूनगो आदित्य दीक्षित, नरेंद्र सिंह यादव और रामवीर सिंह पूरी तहसील का कार्य देख रहे हैं। रामवीर सिंह मेडिकल पर हैं। जनपद की सबसे बड़ी तहसील में सिर्फ दो कानूनगो काम देख रहे हैं।