कन्नौज। विधानसभा चुनाव निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए पुलिस महकमे ने कमर कस ली है। इस बार पहले की अपेक्षा पुलिस सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। हर बार थाना स्तर पर बनने वाला चुनाव रजिस्टर इस बार बूथ स्तर पर तैयार किया जाएगा। इसमें संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों का ब्योरा, मतदाता संख्या, बूथ पर मतदान करने वाले नेताओं के नंबर भी दर्ज किए जाएंगे।
जिले में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दलों की तरह पुलिस प्रशासन ने बूथ स्तर पर खाका तैयार करने का काम शुरू किया है। इस बार जिले में 1065 मतदान केंद्र और 1581 बूथ रहेंगे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को चिह्नित किया जा रहा है। डीजीपी के आदेश पर पहली बार बूथ स्तर पर चुनाव रजिस्टर तैयार किया जा रहा है। इससे बीट सिपाहियों को इस बार 1581 चुनाव रजिस्टर बनाने होंगे।
एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। चुनाव रजिस्टर में बूथ के मतदाताओं की संख्या, चुनाव में झगड़ा करने वालों का ब्योरा, कितनी बार झगड़ा हुआ, कितने लाइसेंसी शस्त्र धारक हैं, की जानकारी दर्ज की जाएगी। बूथ की संवेदनशीलता, मतदान करने वाले प्रमुख व्यक्तियों और नेताओं के नाम, मोबाइल नंबर भी दर्ज होंगे।
मतदान केंद्र वाले गांवों में लगेगी पंचायत
भयमुक्त माहौल में मतदान का अहसास कराने के लिए डीजीपी के निर्देश पर गांव में पुलिस की ओर से पंचायत लगाई जाएगी। इस दौरान पुलिस अधिकारी मतदाताओं को जागरूक करेंगे। आपराधिक स्थितियों को भांपने के लिए पूछताछ भी करेंगे। सभी मतदान स्थल वाले गांवों और मोहल्लों में पुलिस रोस्टर बनाकर चौपाल लगाएगी।