कन्नौज। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 20 फरवरी को मतदान होगा। चुनाव शांतिपूर्ण निपटाने के लिए पुलिस की तैयारियां भी तेज हैं। जिले के शहरी और ग्रामीण सीमाओं पर 21 बैरियर लगाए जाने हैं। इसमें नौ बैरियर सक्रिय कर दिए गए हैं। शेष बचे 12 बैरियर दो दिन में शुरू हो जाएंगे। चुनाव के दौरान
कोई अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिले में 10 हजार पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रहेगा।
विधानसभा चुुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है। चार पहिया तथा दो पहिया वाहनों की तलाशी ली जा रही है। जिले में पुलिस खासी सक्रियता बनाए हुए है। रोज तलाशी
अभियान चलाया जा रहा है। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए हर बिंदु पर पैनी नजर रखी जा रही है। कोशिश है कि जिले की सीमा में कोई भी प्रतिबंधित वस्तु न आने पाए, जिससे मतदान प्रभावित हो। तलाशी के दौरान ब्लैक मनी, शराब आदि की धरपकड़ की जा रही है। उन्होंने कहा कि दो दिन में पूरे जिले में किलेबंदी कर दी जाएगी।