रूट चार्ट तैयार कराते एडीओ पंचायत मृदुल दुबे व एडीओ सुभाष चंद्र।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। पंचायत चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में जुट गया है। पंचायत सचिव चुनाव में वाहनों की उपलब्धता और पोलिंग बूथों के निरीक्षण के लिए रूट (मार्ग)चार्ट तैयार करने में जुटे हैं। हर पोलिंग बूथ पर जाने के लिए रूट चार्ट के हिसाब से वाहनों की मानीटरिंग की जाएगी।
पंचायत चुनाव के लिए विकास खंड की 96 ग्राम पंचायतों में 320 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सभी पोलिंग बूथों पर वोटिंग के लिए पर्याप्त सुविधा व सुरक्षा के लिए निर्वाचन आयोग इंतजाम करने में जुटा है। सेक्टर मजिस्ट्रेट, चुनाव अधिकारी, सुरक्षा बलों व सचल दल आदि के सभी पोलिंग बूथ तक जाने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सेक्टर मजिस्ट्रेटाें की संख्या के अनुसार वाहनों के पहुंचने के लिए रूट चार्ट तैयार किए जा रहे हैं। शनिवार को खंड विकास कार्यालय में एडीओ (सहायक विकास अधिकारी)पंचायत मृदुल दुबे, एडीओ आईएसबी सुभाष चंद्र, पंचायत सचिव कौशलेंद्र पोलिंग बूथ तक पहुंचने के लिए रूट चार्ट बनाने में जुटे रहे।
इस रूट चार्ट में ब्लाक मुख्यालय से पोलिंग बूथ तक पहुंचने के लिए मुख्य सड़कों की दूरी, मुख्य सड़क से पोलिंग बूथ की दूरी दर्शाई जाएगी। इसकी मानीटरिंग जिला मुख्यालय स्थित निर्वाचन कार्यालय से की जाएगी। इन सभी पोलिंग बूथों का सेक्टर मजिस्ट्रेट निरीक्षण करेंगे। वह रूट का जायजा भी लेंगे। एडीओ पंचायत मृदुल दुबे ने बताया कि 24 घंटे के अंदर बूथों के रूट चार्ट तैयार कराकर सूची एसडीएम कार्यालय को भेज दी जाएगी।