तिर्वा(कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार डिवाइडर से टकरा कर जलने लगी। आग की लपटें देख किसानों ने कार के शीशे तोड़ दिए। फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।
बिहार प्रदेश के बेगूसराय के खगरिया निवासी नवजीत शर्मा (30), ममता पत्नी विपिन शर्मा, आरती (8) व प्रीती (4) के साथ कार से दिल्ली से बिहार जा रहे थे। कार नवजीत शर्मा चला रहे थे। झपकी आने से कार तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के फगुआ भट्ठा गांव के सामने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार में आग लग गई। हादसा होते ही कार सवार शोर मचाने लगे। सुबह खेतों में मौजूद किसानों ने चीख सुनी तो मदद के लिए दौड़ पड़े।
किसानों ने एक्सप्रेसवे पर जलती कार के शीशे तोड़कर इसमें सवार लोगों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे यूपीडा कर्मियों ने सभी लोगों को राजकीय मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।