कन्नौज। यूपी बोर्ड की फरवरी में होने वाली हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी में अफसर जुटे हैं। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी के लिए तैयारी शुरू की गई है। प्रधानाचार्यों को कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी के लिए प्रोफार्मा भेजा गया है। इस प्रोफार्मा को प्रधानाचार्य भरवाकर प्रमाणित कर कार्यालय भेजेंगे। इसके बाद कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
18 फरवरी से होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 79 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। हालांकि कुछ केंद्रों पर अब भी व्यवस्थाएं पूर्ण नहीं हैं। फर्नीचर सहित अन्य दिक्कतें हैं। इन्हें पूरा करने के लिए डीआईओएस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने बताया कि परीक्षा नकल विहीन कराई जाएगी। हाईस्कूल की परीक्षा में 26 हजार 800 व इंटरमीडिएट में 22 हजार 300 पंजीकृत परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। 1200 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सभी के परिचय पत्र बनेंगे। प्रधानाचार्य को कक्ष निरीक्षकों का पूरा ब्योरा देने के लिए प्रोफार्मा भेजा गया है। इसे वह प्रमाणित कर भेजेंगे। अगर किसी प्रधानाचार्य ने गलत लोगों का प्रोफार्मा भेजा और जांच के दौरान पकड़ में आता है तो सख्त कार्रवाई होगी।