तालग्राम विकास खंड परिसर में बुधवार को पेंशन फार्म जमा करने के लिए लगाए गए शिविर में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। शिविर में सही जानकारी न मिलने से पेंशन की उम्मीद में कड़ाके की ठंड में दूर-दूर से आए वृद्ध स्त्री-पुरुष व विकलांग इधर-उधर भटकते रहे।
शिविर में वृद्धों की उम्र प्रमाणित करने के लिए डॉक्टर तक मौजूद नहीं थे। वहीं, प्रमाणपत्रों में किसी की उम्र कम होने तो किसी की आय ज्यादा होने से मायूस होकर लौटना पड़ा। शिविर में सुबह से पेंशन की उम्मीद में फार्म जमा करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पर तमाम आवेदक जानकारी के अभाव में इधर-उधर चक्कर काटते रहे। महोना की रामप्यारी, राधेश्याम, मूलचंद्र, रामदास, मुन्नालाल ने बताया कि तहसील से जारी आय प्रमाणपत्र में 48 हजार रुपये वार्षिक आय लिखी है, जबकि 46 हजार से कम आय वाले लाभार्थी ही बनेंगे।
लखइयामऊ की कंठश्री, शकुंतला, प्रेमवती, नेत्रहीन अबीत कुमार, रसूलाबाद के चांद मियां, कृष्ण मोहन, रामप्यारी, राम औतार सहित कई गांवों के लाभार्थी फार्म जमा करने के लिए भटकते रहे। यही नहीं शिविर में वृद्धों की उम्र प्रमाणित करने के लिए कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था।
एक डॉक्टर कुछ देर रुकने के बाद चले गए। कई आधार कार्डों में वृद्धों की उम्र 65 के बजाय 55 वर्ष लिखी थी, इससे वे मानक पूरा न होने से परेशान होकर लौट गए। अनीभोज के प्रधान जसवंत सिंह, तालग्राम देहात के प्रधान तोताराम ने कहा कि पेंशन शिविर के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई है।
तमाम आवेदक जानकारी के अभाव में भटकते रहे। आय के लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया होने की बात कहकर लेखपालों ने भी हाथ खड़े कर लिए। शिविर में समाज कल्याण के ग्राम विकास अधिकारी सुभाष चंद्र गौतम, कानूनगो रामकिशोर यादव के अलावा विमलेंद्र दुबे, रामरुप व वेदराम आदि लेखपाल मौजूद रहे।