जिला अस्पताल के रैन बसेरे में बनाया गया डेंगू वार्ड।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिला अस्पताल की लैब में डेंगू किट खत्म हो गई है। इससे जांच का संकट खड़ा हो गया है। अब किट आने के बाद ही जांच हो सकेगी। शनिवार को शहर के मोहल्ला काजीपुरा की महिला की जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। एक युवक मलेरिया की चपेट में है।
जिला अस्पताल में डेंगू की जांच करने के लिए 11 अगस्त को 200 किट मंगाई गई थीं। यह शनिवार को समाप्त हो गईं। जांच में 33 लोग डेंगू संक्रमित निकल चुके हैं। शनिवार को तीन किट बची थीं। इनसे जांच हो जाने के बाद मरीजों को मना कर दिया गया। इससे कई मरीज मायूस होकर लौट गए।
उधर शहर के मोहल्ला काजीपुरा टीला में डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को ममता पत्नी राजेश की जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। इसी तरह सकरी गांव निवासी प्रवीन कुमार की रिपोर्ट मलेरिया पॉजिटिव आई। शहर में मिल रहे डेंगू के रोगियों को लेकर सीएमओ विनोद कुमार ने खुद की मौजूदगी में काजीपुरा टीला मोहल्ले में कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई है। दवा का छिड़काव कराया। कैंप में बुखार समेत अन्य रोग से ग्रसित मरीजोें को दवा दी गई। लोगों को घर के आसपास पानी जमा न होने की नसीहत दी गई है। कहा गया है कि अगर मकान की छत पर टायर या पानी भरा हुआ बर्तन हो तो उसे उलट कर रखें।
रैन बसेरा में बना डेंगू वार्ड
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने बताया कि जिला अस्पताल के वार्ड दो में छह बेड का डेंगू वार्ड पहले से बना है। अस्पताल के रैन बसेरे में 10 बेड का डेंगू वार्ड तैयार कर दिया गया है। इसे तब तक शुरू नहीं किया जाएगा, जब तक वार्ड दो का डेंगू वार्ड फुल नहीं हो जाता है। इस वार्ड के लिए कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
जिले में बुखार से पीड़ित 72 मरीज मिले
सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि जिले में सात क्षेत्रों में बुखार के अलावा मलेरिया का प्रकोप है। इस तरह के गांवों में 410 टीमों को लगाया गया था। इन टीमों ने घर-घर जाकर मरीजों को खंगाला। तीन स्थानों पर कैंप लगाकर मरीजों को दवा देने के अलावा जांच की गई। इसमें 132 रोगियों को दवा व जांच की सुविधा दी गई। 72 लोग बुखार से पीड़ित मिले हैं। 72 लोगों की मलेरिया जांच किट से की गई। 62 लोगों की डेंगू जांच की गई। दो मरीज डेंगू से संक्रमित मिले हैं। 14 सीरम के सैंपल लिए गए।