कन्नौज। जिले में बुखार से लगातार मौतें हो रही हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में एक भी मौत बुखार से नहीं है। शुक्रवार को बुखार से पीड़ित अपना दल के जिला सचिव समेत दो युवकों की कानपुर ले जातेे समय रास्ते में मौत हो गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मकदूमापुर निवासी अपना दल के जिला सचिव मनीष बाथम(25) पुत्र राम नरेश बाथम एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थे। जिला अस्पताल में जांच कराई तो प्लेटलेट्स कम थीं। इस पर परिजन कानपुर ले जाने लगे। रास्ते में हालत खराब हो गई। कुछ देर बाद मौत हो गई।
इसी तरह सदर कोतवाली के मियांगंज निवासी शहनूर(25) पुत्र नूर मोहम्मद को तीन दिन से बुखार था। यह निजी चिकित्सक से उपचार ले रहे थे। शुक्रवार को हालत गंभीर देख परिजन कानपुर ले जाने लगे। रास्ते में दम तोड़ दिया। जिले में बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या 2855 पहुंच गई है। डेंगू के एक्टिव मरीज 142 हैं। यह उपचार ले रहे हैं।