सौरिख। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह करीब चार बजे डीसीएम में ट्रक में टक्कर मार दी। इससे डीसीएम अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार से टकरा गई। हादसे में कार के बाहर खड़े लखनऊ के युवक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। युवक परिवार के साथ बालाजी दर्शन कर लौट रहा था।
लखनऊ के अवंतीपुरा सेक्टर 14 निवासी मनोज (25) पत्नी सन्नो (23), मां छोटी देवी, बहन आरती के साथ बालाजी मंदिर दर्शन करने कार से गए थे। कार लखनऊ के इंदिरा नगर निवासी शिवम पाल चला रहा था। सोमवार सुबह चार बजे सौरिख क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 152 पर मनोज कुमार कार रुकवाकर लघुशंका करने लगे। उसी दौरान आगरा से लखनऊ जा रही डीसीएम में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे डीसीएम अनियंत्रित होकर कार से टकरा गई।
इसी दौरान ट्रक की चपेट में आकर मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्सप्रेसवे पर गश्त कर रही पीआरवी मौके पर पहुंची और घटना की सूचना यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह को दी। टीम के साथ मौके पर पहुंचे सुरक्षा अधिकारी ने यूपीडा की एंबुलेंस से मनोज और कार में सवार घायल परिजनों को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज भेज दिया, जहां इलाज के दौरान मनोज की मौत हो गई। यूपीडा सुरक्षा अधिकारी ने सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को टोल प्लाजा 154 पर खड़ा करा दिया।