गुरसहायगंज। शादीशुदा महिला से रविवार शाम को मिलने गए युवक का शव घर के कमरे में फंदे पर लटकता मिला। युवक का महिला से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक के परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र की चौकी इंदिरा नगर के गांव बरगावां निवासी रुस्तम शर्मा (22) अविवाहित था। परिजनों ने बताया कि रुस्तम के गांव की ही एक शादीशुदा महिला से काफी समय से संबंध थे। रविवार शाम रुस्तम महिला से मिलने उसके घर गया। इसी दौरान महिला का पति अचानक घर आ गया। महिला पति को देख शोर मचाने लगी। इसके बाद महिला और उसके पति ने रुस्तम को पुलिस में देने की धमकी दी।
बताया जा रहा है कि पति के दबाव में आकर महिला शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने जा रही थी, तभी रुस्तम का शव घर में फंदे पर लटकने की जानकारी मिली, जिसके बाद महिला थाने न जाकर घर लौट आई। घटना की जानकारी पर इंदिरा नगर चौकी प्रभारी रजनेश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
युवक के परिजनों ने महिला और उसके पति पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार दुबे ने बताया कि अभी परिजनाें ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।