घटना के संबंध में पूछताछ करते चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बडे़ भाई के साथ नहर में खजूर धोने गया दो वर्षीय बालक डूब गया। ग्रामीण और परिजनाें के दो घंटे के प्रयास बाद शव निकाला जा सका। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। थाना इंदरगढ़ के छंगेपुर्वा गांव निवासी शोभाराम जाटव का दो वर्षीय पुत्र अनुराग अपने पांच वर्षीय बड़े भाई अरुण के साथ रविवार सुबह करीब 8 बजे घर के सामने निकली नहर के किनारे खजूर बीनने गया था।
खजूर बीनने के बाद दोनों भाई अपने-अपने हाथों में लिए खजूर को नहर के पानी में धो रहे थे। इसी दौरान अनुराग का पैर फिसल गया। नहर के गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। बड़ा भाई अरुण घर पहुंचा तो परिजनों ने अनुराग के बारे में पूछा। अरुण ने नहर के पानी में खो जाने की बात कही। इस पर परिजन तत्काल अरुण को लेकर नहर किनारे पहुंचे। ग्रामीणों के दो घंटे के प्रयास बाद अनुराग का शव नहर से निकाला गया।
शव निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उधर, सूचना पाकर उमर्दा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए। मृतक के पिता शोभाराम दिल्ली में एक निजी फैक्ट्री में काम करते हैं। घटना की सूचना परिजनों ने उन्हें दी। वह दिल्ली से रवाना हो गए है।ं पिता के आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।