जीटी रोड पर कांशीराम कालोनी के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पूर्व प्रधान समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में उन्हें तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। बाइक हेलमेट नहीं लगाए थे। ग्राम खग नगला निवासी पूर्व प्रधान महादेव सिंह यादव पुत्र सुंदरलाल बुधवार की दोपहर बाइक से नगर के बाजार आए थे।
इनके साथ ग्राम त्रिलोकापुर निवासी नवाब सिंह पुत्र बनवारीलाल भी थे। नगर से गांव लौटते समय जब ये लोग जीटी रोड हाईवे पर ऊंची पुलिया के पास स्थित कांशीराम कालोनी के सामने पहुंचे तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वे लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस बीच ट्रक नवाब सिंह का पैर कुचलता हुआ निकल गया। लोगों की भीड़ को देख चालक हाईवे किनारे ट्रक खड़ा कर खेतों की ओर भाग निकला।
लोगों ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ कर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस भी पहुंच गई। आनन-फानन घायलों को उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया गया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देख उन्हें तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।