घरों में आग फैलने की आशंका पर खाली हुआ गांव
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
क्षेत्र के गांव इनायतपुर में तीन घरों में अचानक लगी आग से हजारों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी उड़ेलकर आग बुझाई। शनिवार दोपहर इनायतपुर गांव निवासी रामखिलावन पुत्र जग्नू के छप्पर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पड़ोसी मौजीलाल व योगेंद्र के मकानों को भी आगोश में ले लिया। लपटें उठती देख ग्रामीण शोर मचाते हुए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
बाल्टियों में पानी भरकर आग पर उड़ेलना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक तीनों मकानों में रखा हजारों रुपये का सामान जिसमें जानवरों का भूसा, गेहूं, चारपाई व कपड़े जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय कानूनगो बृज नन्दन यादव और ग्राम प्रधान सुभाष चंद्र दोहरे मौके पर पहुंचे। कानूनगो ने क्षति का आंकलन किया है।