पड़ोसी जिले फर्रुखाबाद में बाबरिया गिरोह के आतंक के बाद बुधवार को पुलिस ने अभियान चलाकर आधा दर्जन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी का माल बरामद किया गया है। जबकि चोरी की वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश में पुलिस छापामार अभियान चला रही है। सदर कोतवाली क्षेत्र के मानीमऊ पुलिस चौकी के आसपास करीब आधा दर्जन गांव में चोरी की घटनाएं होने के साथ ही कन्नौज शहर में भी कई चोरी हो चुकीं है।
मंगलवार देर रात फर्रुखाबाद के नसरतपुर गांव में दो घरों में बावरिया गिरोह ने पांच लोगों को पीटकर घायल कर दिया और वहां लूटपाट की। इसके बाद एसपी दिनेश कुमार पी के निर्देश पर स्वाट टीम ने चोरों को पकड़ने के लिए मुहिम चलाई। करीब आधा दर्जन चोरों को स्वाट टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अधिकतर चोर शहर के ही एक मोहल्ले के रहने वाले है। जो एक गैंग बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
दिन के समय यह बेरोजगारों की तरह घूमते रहते हैं। बंद पड़े मकान या मकान के पिछले हिस्से को चिन्हित कर रात के समय धावा बोलते हैं। वहीं स्वाट टीम अब फरार चल रहे अन्य चोरों की तलाश में छापा मार अभियान चला रही है। सूत्रों के मुताबिक इन चोरों से डाक बंगला रोड पर फौजी के मकान से चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की गई है। गैंग में अधिकतर सदस्य 17 से 22 साल के हैं।