घटनास्थल पर रोते बिलखते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
महिपालपुरवा गांव के पास एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने शौच के दौरान तालाब में डूबने की बात कही है।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव नजरापुर निवासी सनी (28) पुत्र सत्यभान गुप्ता काफी समय से बीमार था। कुछ ही दिन पहले वह घर आया था। बुधवार शाम वह घर से निकला था। लेकिन देर रात वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह जब कुछ लोग तालाब पर पहुंचे तो पानी में शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इस पर लोगों को सूचना हुई। कुछ ही देर में सैकड़ों की तादात में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने उसकी पहचान सनी के रूप में की। मामले की सूचना तिर्वा कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाल ओमकार सिंह, दारोगा रामसरन चौधरी, वीरपाल सिंह व चीता मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं परिजनों का कहना है कि सनी शौच करने के लिए तालाब गया था। अचानक पैर फिसल जाने से पानी में जा गिरा। जिससे उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई।