कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव में सोमवार दोपहर आम तोड़ने के विवाद में एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उत्तेजित ग्रामीणों ने आरोपियों के चार घरों में आग लगा दी। सूचना पर एसडीएम, सीओ तिर्वा कोतवाली पुलिस व पीएसी मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में मृतक के पिता ने छह नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दौलतपुर निवासी सुरेश चंद्र राजपूत के दौलतपुर कोठी के पास आम के कुछ पेड़ हैं। अक्सर यहां से लोग आम तोड़ लेते हैं। इसी बात को लेकर सोमवार दोपहर 11 बजे के करीब सुरेश चंद्र अपने पुत्र गोविंद राजपूत (18) व अपने भाई के साथ पेड़ में बचे आम को तोड़ने के लिए कोठी पहुंचे। यहां आम तोड़ने को लेकर कोठी गांव के लोगों से उनका विवाद हो गया। बात बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर गोविंद के कुछ अन्य परिजन भी दो टेंपो पर मौके पर पहुंच गए।
इससे मामला और भी बिगड़ गया। ग्रामीणों ने टेंपो तोड़ दिए और गोविंद को घसीट कर कुछ दूर ले गए। यहां उसकी लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या की जानकारी मिलते ही करीब आधा सैकड़ा लोग बस्ती पहुंचे और आरोपियों के चार घरों में आग लगा दी। सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी एसपी सिंह, तिर्वा कोतवाल आरपी पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
बाद में पुलिस ने पीएसी को बुला लिया। पीएसी के पहुंचते ही हमलावर भाग निकले। सीओ ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए दौलतपुर व कोठी गांव में अलग-अलग पीएसी की तैनाती कर दी है। गोविंद के पिता सुरेश ने गपचरियापुर निवासी वेदराम पुत्र रंगलाल जाटव, प्रमोद पुत्र राधाकृष्ण, कोठी निवासी लालाराम पुत्र छेदीलाल, कोमल सिंह पुत्र सरवनलाल, हरदोई के संडीला निवासी रामकुमार पुत्र बालकराम और लालाराम की पत्नी समेत चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीओ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। घरों में आग लगाने वाले लोगों की भी शिनाख्त कराई जा रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।