विकलांग युवक से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे में नगर पंचायत की दुकान पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में ईंट-पत्थर चले और फायरिंग हुई। इसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। घायलों को गुरसहायगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। गोली लगने से घायल एक व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कस्बे में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात है। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के कस्बा समधन में नगर पालिका की दुकान को लेकर रविवार सुबह 8 बजे पहले रास्ते में विवाद हुआ।
इसके बाद दोनों पक्ष अपने दरवाजे पर पहुंच गए। जहां गाली-गलौज के साथ मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसी बीच फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घरों के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। करीब एक घंटे तक बवाल चलता रहा। सूचना पर एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य, सदर सीओ सदर अंबरीष सिंह भदौरिया, गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी संतोष अवस्थी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को आया देख हमलावर मौके से भाग निकले। गोली लगने से नावेद (23) पुत्र यूनुस गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें गुरसहायगंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके साथ एक पक्ष के नावेद के अलावा शहनवाज (40) पुत्र अलीदराज, नफीस पुत्र यूनुस व दूसरे पक्ष के वासिद (24) पुत्र खालिद व नूर आलम (28) पुत्र जुवैर घायल हो गए।
घायलों को गुरसहायगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया है। कस्बे में तनाव की स्थित बनी हुई है। इसको लेकर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने फायरिंग व पथराव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।