क्षेत्र के गांव रनवां प्राथमिक विद्यालय में आधार कार्ड बनवाने के लिए लगे कैंप में धन उगाही की शिकायत पर ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव से टीम को खदेड़ दिया और हंगामा किया। गांव के अवनीश, जितेंद्र, प्रमोद, महेश, सोनू, प्रशांत, राजीव, सत्येंद्र, कल्लू आदि ने बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय में कुछ लोगों ने आधार कार्ड बनाने का कैंप लगाया। कैप लगाए राहुल व अनुराग सिंह ने अपने को सौरिख के एक कंप्यूटर सेंटर का नाम बताकर आधार कार्ड बनाने शुरू कर दिए।
आधार कार्ड के लिए डाटा फीडिंग के नाम पर 50 रुपये जमा कराए। लगभग 30-35 बच्चों ने अपने आधार कार्ड बनवाने के लिए पैसे जमा कर दिए। जब ग्रामीणों को अवैध वसूली की भनक लगी तो ग्राम प्रधान धनीराम से शिकायत की।
मौके पर पहुंचे प्रधान धनीराम ने मोबाइल फोन पर उच्चाधिकारियों से शिकायत की और आधार कार्ड बनाने वाली टीम की फटकार लगाई, उन्हें स्कूल से भगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों के आधार कार्ड बनवाने में शिक्षकों ने भी धन उगाही में सहयोग किया है। ग्रामीणों ने एसडीएम से मामले की शिकायत किए जाने की बात कही है।