मोहल्ला इंदिरानगर में सौरिख तिराहा के पास बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों की पिटाई से झोपड़ी में रह रही महिला मरणासन्न हो गई। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सौरिख तिराहा के पास मोहल्ला इंदिरानगर में झोपड़ी में रहने वाला केशचंद्र मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। रविवार रात झोपड़ी में बदमाशों ने धावा बोल दिया। केशचंद्र झोपड़ी से कुछ दूर चारपाई पर सो रहा था।
झोपड़ी में उसकी भाभी शकुंतला पत्नी ओमप्रकाश सो रही थीं। बदमाशों ने महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी। बदमाश उसके पास से चार सौ रुपये भी लूट ले गए। केशचंद्र ने बताया कि सुबह वह झोपड़ी की तरफ पहुंचा तो उसकी भाभी बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी थीं।
उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि अभी तक घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। इस संबंध में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन कुमार का कहना है कि तहरीर मिलते ही मामला दर्ज किया जाएगा। हालांकि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।