अवैध रूप से खींची गई केबिल के करंट से बच्चे की मौत हो गई। पिता की तहरीर पर दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गुरुवार सुबह की यह घटना लालपुर कोतवाली क्षेत्र की है। लालपुर गांव के दशरथ का छह साल का बेटा रवि कुमार घर के बाहर खेल रहा था। घर से कुछ दूर एक दुकान में अवैध रूप से बिजली की केबिल खींची गई थी। रवि अन्य बच्चों के साथ खेलते-खेलते वहां पहुंच गया। बिजली के बोर्ड से केबिल का तार कटकर नीचे लटक रहा था।
रवि इसी तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा। साथ खेल रहे बच्चों ने रवि के परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पिता दशरथ ने दुकानदार के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी सुभाष कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, अधिशासी अभियंता पीराम का कहना है कि लालपुर गांव में टीम भेजकर बिजली चोरों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। बिजली चोरी पकड़े जाने पर एफआईआर कराई जाएगी।