घटना की जानकारी लेती कोतवाली पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नगर के पश्चिमी बाईपास पर नहर निरीक्षण भवन में निर्माणाधीन ओवर हैड टैंक के नीचे राजमिस्त्री का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना शुक्रवार सुबह की है। साथी बोला शराब का आदि था। आगरा के शमशाबाद थानांतर्गत ग्राम बिसेरा निवासी सतीश कोरी (30) पुत्र नत्थीलाल नगर के पश्चिमी बाईपास पर नहर निरीक्षण भवन में नलकूप की कोठरी में राजमिस्त्री का काम कर रहा था।
शुक्रवार सुबह उसका शव ओवरहैड टैंक के पास पड़ा मिला। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उसके साथ काम करने वाले एक अन्य राजमिस्त्री ग्राम परगेना निवासी अवधेश पुत्र बुद्धिराम ने बताया कि सतीश शराब पीने का आदी था। देर रात खाना खाने के बाद वह सोने चला गया। शुक्रवार सुबह उसका शव मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने ठेकेदार और सतीश के घरवालों को जानकारी दी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि इसको लेकर लोगों में कई तरह की चर्चाएं थीं। लोग चर्चा कर रहे थे कि राजमिस्त्री की ऊपर से गिरकर मौत हुई है। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी। उधर इस संबंध में कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण का पता चल पाएगा।