गंगा तिराहे मोड़ पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से बाइक सवार एक महिला की मौत हो र्गई। वहीं बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक चालक हेलमेट लगाए था। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के हनुमंतखेड़ा गांव निवासी सुर्दशन पुत्र माधव अपने गांव के ही रिश्तेदार सुमित्रा पत्नी राजवीर के साथ बाइक से तिर्वा से गांव लौट रहा था।
शाम सात बजे के करीब वह जीटी रोड गंगा तिराहे पर पहुंचा तो उसी दौरान गुरसहायगंज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों उछल कर काफी दूर जा गिरे। दुर्घटना में सुमित्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुदर्शन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे को देख आस-पास के लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पाते ही जलालपुर चौकी पुलिस ने भाग रहे टैंकर चालक को पकड़ लिया।
पुलिस ने घायल सुदर्शन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे से काफी देर तक जीटी रोड पर जाम लगा रहा। सूचना पाकर परिजन व रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।