दिल्ली-कानपुर नेशनल हाइवे पर प्रेमपुर गांव के पास तेज रफ्तार गैस टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर कोतवाली से भारी पुलिस बल समेत फायरकर्मी भी मौके पर पहुंच गए
। टैंकर में गैस होने से उसे सीधा कराने के लिए फर्रुखाबाद से इंजीनियर बुलाए गए। बाद में पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) कंपनी का गैस टैंकर गाजियाबाद से उन्नाव जा रहा था। गुरुवार की सुबह करीब साढ़े 4 बजे दिल्ली-कानपुर नेशनल हाइवे पर ग्राम प्रेमपुर के पास सामने से आ रही रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में टैंकर चालक जनपद देवरिया के गांव गुड़ौली दाखिले निवासी उमेश कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वहां राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जैसे ही ग्रामीणों को टैंकर में गैस भरी होने की जानकारी हुई, वहां भगदड़ मच गई।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार व्यास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उधर, फायरब्रिगेड अधिकारी अपनी टीम और दो वॉटर टैंक के साथ पहुंचे। टैंकर में गैस भरी होने के कारण उसे क्रेन से उठाने में खतरा महसूस होने पर फर्रुखाबाद स्थित गैस प्लांट के अधिकारियों को सूचना दी गई।
कुछ देर बाद वहां से विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और फिर दोपहर बाद टैंकर को सीधा किया गया। इस दौरान हाइवे पर जाम की स्थिति हो गई। खतरे को देखते हुए कोई भी वाहन इधर से उधर नहीं निकला। पुलिस ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को बेवर-फर्रुखाबाद रोड से निकलवाया।
फर्रुखाबाद चौराहे पर भी लगीं वाहनों की कतारें
छिबरामऊ। प्रेमपुर गांव के पास गैस टैंकर पलटने के बाद लगे जाम से बचने के लिए कई वाहन नगर के फर्रुखाबाद चौराहा से बहोरिकपुर, मोहम्मदाबाद के लिए जाने लगे। इससे फर्रुखाबाद चौराहे पर भी भीषण जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों की सूचना पर डायल 100 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवा पाए।