युवकों द्वारा क्षतिग्रस्त की गई दूल्हे की कार
- फोटो : अमर उजाला
सजीधजी दूल्हे की कार में सवार बरातियों से दूसरी कार सवार युवकों ने मारपीट हो गई। इस बीच किसी ने बारातियों से दस लाख रूपये लूट लिए जाने की सूचना पुलिस को दे दी। लूट की सूचना पाकर पुलिस हरकत में आ गई। बाद में मामला कार की टक्कर व मारपीट का निकला।
छिबरामऊ के मोहल्ला बस्तीराम निवासी अशोक भदौरिया की पत्नी नीरज भदौरिया ने जनपद औरैया के थाना बिधूना निवासी सूरज कुमार पुत्र रमेशचंद्र, उसके एक साथी बजरंगी शाक्य व दो अन्य साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया है कि वह अपने फुफेरे भाई बलराम पुत्र भूपेंद्र निवासी गुबरिया खड़िनी की बारात किराये की कार से ग्राम खुबरियापुर जा रही थी। गाड़ी में उसके साथ उसकी पुत्री नेहा और भाई बलराम भी था।
रात करीब साढ़े नौ बजे जब उनकी गाड़ी कस्बा सौरिख के बैंक ऑफ इंडिया के पास पहुंची तभी आगे चल रही सफारी कार के चालक ने टक्कर होने पर विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट हो गई। इस बीच हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उसकी बेटी नेहा के सिर में डंडा मारा। चीखपुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच लोगों ने मारपीट कर रहे सूरज कुमार को पकड़ लिया। भीड़ को देख उसका साथी बजरंगी व दो अन्य भाग जाने में सफल रहे।
हमलावरों ने उसके कार के शीशे को भी पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष रजनेश कुमार चौहान ने बताया कि लूट नहीं हुई है। आपस में मारपीट हुई है।