थानाक्षेत्र के बलीदासपुर में निजी नलकूप को चालू करने गए अधेड़ किसान की स्टार्टर में करंट उतर आने से मौत हो गई। कई घंटे बाद परिजनों को हादसे का पता चल सका। नलकूप पर लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव निवासी बालकराम (50) पुत्र मेरई बुधवार की देर शाम गांव के पास अपने निजी नलकूप से धान की फसल में सिंचाई करने गया था।
पुत्र संतोष ने बताया कि जैसे ही उन्होंने नलकूप चालू करने के लिए स्टार्टर दबाया, तभी किसी कारण स्टार्टर में करंट उतर गया। इससे उन्हें करंट लग गया और गिर पड़े। कु छ घंटे बाद गांव की महिलाएं रात के समय शौच को नलकूप के नजदीक गईं थी तो उन्हें कोठरी का ताला खुला दिखाई दिया। अंदर झांककर देखा तो बालकराम का शव पड़ा हुआ था। महिलाओं ने शोर मचा दिया। जिस पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले जाते उसके पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं पति की मौत पर पत्नी नन्ही रो-रो कर बेसुध हो रही है। पुलिस ने बड़े पुत्र संतोष की फौती सूचना पर चौकी प्रभारी अमोलर छेदीलाल वर्मा ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं ग्राम प्रधान ने बताया कि मृतक किसान के हिस्से में एक एकड़ खेती है, मृतक किसान बीमा योजना का पात्र है। लेखपाल को सूचना दे दी गई है।