फसल के ऊपर से निकले एचटी लाइन के तार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बहवलपुर में मंगलवार को खेत के ऊपर झूल रही एचटी लाइन की चपेट में आकर बालिका की मौत हो गई । हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर काफी देर तक शव उठने नहीं दिया। इसके बाद बिजली विभाग के एक्सइएन ने एक लाख रुपये मुआवजा देने और झूलती हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया तब ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया ।
बहवलपुर निवासी टिंकू जाटव की पुत्री श्वेता उर्फ शिवकुमारी (13) मंगलवार सुबह करीब 7 बजे खेत में शौच के लिए जा रही थी। खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। यह लाइन काफी नीचे लटक रही है। श्वेता इसी तार की चपेट में आ गई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर जुटे परिजन और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर एसडीएम महेशप्रसाद दीक्षित, सीओ वीपी सिंह सोलंकी, कोतवाल सीएल वर्मा मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने शव को उठने नहीं दिया। लेकिन अधिकारियों के काफी समझाने के बाद ग्रामीण माने। काफी देर बाद बिजली विभाग के एक्सइएन आरएन वर्मा, एसडीओ सुधांशु श्रीवास्तव, जेई अवनीश कुमार मौके पर पहुंचे। बिजली अधिकारियों को देख ग्रामीणों ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई।
ग्रामीण मृतका के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। एक्सईएन ने विभाग से एक लाख रुपये दिलाने का भरोसा दिलाया और झूलते तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।