जहरीली शराब पीने के बाद हुई मौतों से जागा पुलिस प्रशासन अब अवैध शराब के धंधे को बंद कराने के लिए जगह-जगह छापे मार रहा है। आबकारी विभाग, पुलिस और उपजिलाधिकारी सदर की संयुक्त टीम ने छापामार अभियान चलाया।
गुरुवार को मोहल्ला कुतलूपुर गिहार बस्ती में अभियान के तहत भारी मात्रा में शराब व लहन बरामद किया। पुलिस को आया देख घर के सदस्य भाग निकले।
उपजिलाधिकारी सदर सुनील कुमार शुक्ला आबकारी अधिकारी सेवालाल उत्तम, निरीक्षक महेंद्र कौशल, पीके सोनकर व क्षेत्राधिकारी सदर करन सिंह, कोतवाली प्रभारी भुल्लन यादव ने भारी पुलिस बल के साथ शाम के समय कुतलूपुर मोहल्ले में छापा मारा।
इस दौरान पुलिस को घरों के अंदर से 50 लीटर शराब व करीब 20 क्विंटल लहन बरामद हुआ। इस लहन का धंधा करने वाले लोगों ने घरों के बाहर व सामने पड़ी खाली भूमि पर जमीन के अंदर गाड़कर रखा था।
खोजबीन के दौरान पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कई स्थानों पर टीम के पैर लहन के डिब्बों में घुस गए। बाद में टीम के सदस्यों ने लोहे की राड चलाकर डिब्बे फोड़े। जो डिब्बे निकल सकते थे, उन्हें निकालकर लहन नष्ट किया गया।