सकरावा रोड पर ग्राम हसनपुर के पास बाइक सवार लुटेरों ने तमंचा लगाकर दंपति से नकदी व जेवरात लूट लिए। पीड़ित ने सकरावा चौकी पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंचती लुटेरे मौके से रफूचक्कर हो चुके थे।
जनपद इटावा के कस्बा ऊसराहार निवासी मो.आबिद अली अपनी पत्नी शमा बेगम के साथ इंदरगढ़ थानांतर्गत ग्राम जागेपुर्वा में रह रही अपनी बहन काजल की गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोपहर बाद वहां से वापस लौटते समय जब वह सकरावा रोड पर ग्राम हसनपुर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही काले रंग की पल्सर बाइक पर दो युवकों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी। बाइक रुकते ही दूसरी बाइक पर बैठे लुटेरे ने उनकी पत्नी के तमंचा लगा दिया। लुटेरे उनकी पत्नी का बैग और गले का हार लूट ले गए। मो.आबिद अली ने बताया कि बैग में पांच हजार रुपए, जंजीर, ब्रजवाला व अंगूठी रखी थी। जब तक वह लोग शोर मचाते लुटेरे सकरावा की ओर भाग निकले।
पीड़ित दंपति किसी तरह पुलिस चौकी पर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। थानाध्यक्ष आरपी पांडेय ने बताया कि घटना दिन में साढ़े 12 बजे की बताई गई है, जबकि आबिद शाम को छह बजे थाने पर आया था। सकरावा चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई गई, जिसमें लूट की पुष्टि नहीं हुई। मामला संदिग्ध है, फिर भी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।