कोतवाली से चंद कदम दूर गिहार कालोनी के सामने बदमाशों ने बाइक सवार छात्रों को लूटने का प्रयास किया। असफल होने पर बदमाशों ने छात्रों से मारपीट कर दी। भीड़ आती देख पथराव कर उनकी बाइक क्षतिग्रस्त कर फरार हो गए। नगर के विशुनगढ़ रोड निवासी शिवम यादव अपने साथी चपुन्ना निवासी गौरव सिंह की बाइक से गुरुवार देर शाम कोचिंग पढ़ने जा रहा था। जब वह कोतवाली से आगे गिहार कालोनी के सामने पहुंचे तभी दो-तीन युवकों ने बाइक रोक उनका मोबाइल और पर्स लूटने का प्रयास किया।
बाइक सवार छात्रों ने विरोध किया। इस पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर दी। छात्रों के शोर मचाने पर ग्रामीण आए तो बदमाशों ने पथराव कर उनकी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी और भाग निकले। सूचना पर कोतवाली पहुंची पुलिस ने समझाबुझाकर दोनों छात्रों को भेज दिया। इस मामले में जब पुलिस अधिकारियों से जानकारी चाही गई तो उनका कहना था कि मारपीट की घटना की जानकारी हुई थी। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।