घटना की जानकारी लेती कोतवाली पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
जीटी रोड हाईवे पर नगर के पूर्वी बाईपास के पास शनिवार की सुबह करीब चार बजे करंट की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरसहायगंज थानांतर्गत ग्राम इस्माइलपुर निवासी जीवन कुमार दुबे (56) पुत्र छोटेलाल ट्रक चालक था। शुक्रवार रात वह कानपुर से टायर लादकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। रात होने पर वह रास्ते में पड़े अपने गांव में रुक गया।
तड़के करीब तीन बजे वह गांव से मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गया। जब वह नगर के पूर्वी बाईपास स्थित नेहरू डिग्री कालेज के पास पहुंचा, तभी किसी कार्य से उसने ट्रक रोक दिया। जब वह ट्रक से नीचे उतर रहा था, उसी दौरान ऊपर से निकली एचटी लाइन की चपेट में आकर झुलस गया।
करंट के झटके से वह नीचे जा गिरा। उसकी चीखपुकार सुन राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे उपचार के लिए नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।