अधिवक्ता चेंबर में घायल सिपाही से पूछताछ करते सीओ व अधिवक्ता पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिला एवं सत्र न्यायालय में गैंगस्टर के आरोपी को न्यायालय पेशी पर लेकर जा रहे एक पुलिस जवान को अधिवक्ताओं ने धुन दिया। मामले में सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद अधिवक्ता सहित पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गुरसहायगंज कोतवाली में तैनात सिपाही बब्लू गिहार ने सदर कोतवाली में अधिवक्ता शरद मिश्रा व उनके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप लगाया कि मंगलवार को वह आरोपी राहुल त्रिपाठी व एक अन्य आरोपी को गैंगस्टर कोर्ट में पेश करने ले जा रहा था। रास्ते में एडवोकेट शरद मिश्रा ने रोककर कहा कि आरोपियों को उनके चेंबर में ले चलो। जमानत के संबंध में रुपये लेनदेन की बात करनी है। मना करने पर शदर मिश्रा ने पांच अधिवक्ता साथियों को बुला लिया। गाली-गलौज करते हुए आरोपी को जबरन अपने चेंबर में ले जाने लगे।
विरोध करने पर सभी वकीलों ने उसे लात-घूंसों व बेल्टों से पीटा और वर्दी फाड़ डाली। सिपाही ने यह भी आरोप लगाया कि वकीलों ने मुकदमे में फंसाने और दोबारा न्यायालय में आने पर पीटने की धमकी दी। उधर अधिवक्ता शरद मिश्रा का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ करने पर सिपाही ने खुद गाली गलौज करते हुए मारपीट की। उन्होंने व उनके साथियों ने कोई मारपीट नहीं की है।