पुलिस कार्यालय में बालिका का हत्यारोपी, खुलासा करते एएसपी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एक सप्ताह पहले गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नौ साल की बालिका की रेप और बाद में उसकी हत्या के मामले में आरोपी चाचा को पुलिस ने बुधवार को दबोच लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने शराब के नशे में घटना को हो जाने की बात स्वीकारी है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ वर्षीय बालिका 27 अप्रैल को रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। मृतका के पिता ने बंटू उर्फ जितेंद्र पुत्र रामभजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी अशोक धर पांडेय व उपनिरीक्षक दिनेश कुमार मिश्रा ने बुधवार सुबह 4 बजे सराय चौराहे से गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां से भागने के फिराक में था। मालूम हो कि बालिका बीती 27 अप्रैल को खेत से तरबूज तोड़ने गई थी। जहां से वह लापता हो गई।
29 अप्रैल की रात उसका शव एक मक्का के खेत से बरामद किया गया था। बुधवार को पुलिस कार्यालय में एसपी दिनेश कुमार पी व अपर एसपी सुभाष शाक्य ने बताया कि आरोपी बंटू शराब के नशे में था। तभी बालिका को बहला फुसलाकर मक्के के खेत में ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने गला दबाकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालिका की कई पसलियां व गले की हड्डी टूटी पाई गई। आरोपी ने स्वयं घटना को स्वीकार किया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया।