पुलिस हिरासत में पकड़ा गया शातिर चोर
- फोटो : अमर उजाला
थानाक्षेत्र के तालग्राम बाजार में जिला औरैया के एरवाकटरा से चोरी कर बेचने लाए गए मवेशी को शक होने पर ठेकेदार ने खरीदने से मना कर दिया। वापस जाते समय रनवा गांव के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर मवेशी समेत दो शातिर चोरों को अवैध छुरा व नशीली गोलियों के साथ पकड़ लिया। वहीं चोरों का सरगना पुलिस की पकड़ से भाग निकला।
तालग्राम थानाध्यक्ष मोहम्मद अनवर अहमद ने पशु चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि शुक्रवार की रात गश्त के दौरान चौकी प्रभारी संजीव कुमार चौहान, दरोगा दिलीप कुमार व महेश चंद्र के साथ रनवा गांव के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी लोडर पर मवेशी लादकर जा रहे लोगों को रोका तो उन्होंने गाड़ी समेत भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें दबोच लिया। इसमें से एक भाग निकला।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह औरैया जिले के एरवाकटरा के दलापुर गांव का रहने वाला है। उसका नाम धर्मेंद्र यादव पुत्र दीप सिंह यादव है। वहीं दूसरे ने बताया कि वह नगला हरिया का रहने वाला है। उसक ा नाम ब्रजेश उर्फ गुड्डू पुत्र आनंद प्रकाश जाटव है। उसका साथी नगला हरिहरपुर गांव निवासी रामपाल पुत्र शिवाधार जोशी है। तलाशी के दौरान धर्मेंद्र के पास से एक छुरी व दो पैकेटों में नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। ब्रजेश के पास से छुरा व 15 नशीली गोलियां मिलीं। दोनों ने मवेशी चोरी करने की बात कबूल की है।
गिरोह के सरगना का कई थानों में आपराधिक रिकार्ड भी है। उसकी तलाश की जा रही है। वहीं थाना एरवाकटरा के दरोगा रामनिवास यादव ने बताया कि 14 व 15 जून की रात समायन गांव से अशोक कुमार, रामलखन पुत्र रामदत्त के मवेशी चोरी हुए थे। तालग्राम थाने से सूचना मिलने वह पशुपालकों के साथ मवेशी बरामद करने आए ।