तिर्वा पुलिस के संरक्षण में ठग
- फोटो : अमर उजाला
बेहरिन गांव में एक दुकानदार को अपने जाल में फंसाकर 20 हजार रुपये की ठगी करने वाले चार व्यक्तियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। बेहरिन कोतवाली तिर्वा निवासी अमर सिंह पुत्र नंदकिशोर राठौर की जनरल स्टोर दुकान तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर है। बीते वर्ष 4 लोग उसकी दुकान पर आए और कुछ सामान खरीदा। इसके बाद 20 हजार रुपये ठगी करके ले गए। रविवार को भी दो चार पहिया वाहन पर सवार होकर चार ठग उसी दुकान पर पहुंचे।
तभी लोगों ने उन्हें पहचान लिया। पूछताछ करने पर वह अपने वाहनों में बैठकर भागने का प्रयास करने लगे। तभी दुकानदारों व ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। लात-घूंसों से जमकर पिटाई शुरू कर दी। तभी कुछ लोगों ने घटना की जानकारी तिर्वा कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चारों ठगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर ठगों ने अपने नाम नाजिर पुत्र शाबिर अली, दिलशाद पुत्र अलीदराज, अक्तर पुत्र शाबिर व शाबिर पुत्र दरवारी निवासी मोहल्ला निवासी पितैरा थाना कायमगंज जनपद फर्रुखाबाद बताया। पुलिस ने पकड़े गए ठगों को कोतवाली में ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।