चार पहिया सवार बदमाश असलहों के बल पर चचेरे भाइयों को बंधक बना शुक्रवार की रात भूसा लदा ट्रैक्टर लूट ले गए। पुलिस ने चारों तरफ की सीमाएं सील कर छानबीन की, लेकिन सुराग नहीं लग सका। आधा दर्जन बदमाशों के खिलाफ ट्रैक्टर लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
फर्रुखाबाद के थाना मऊ दरवाजा के ग्राम कुलिचिहाई निवासी सुधीर पुत्र रामनरेश ने बताया कि वह अपने चेचेरे भाई अरुण के साथ ट्रैक्टर ट्राली में भूसा भरकर गुरसहायगंज कोतवाली के ग्राम भज्जापुर्वा में जा रहे थे। शुक्रवार की रात वह ट्रैक्टर लेकर जैसे ही फर्रुखाबाद रोड पर कस्बा समधन के निकट पहुंचा था, तभी पीछे से आए चार पहिया वाहन ने ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रोक लिया। पांच लोगों ने तमंचे के बल पर गाड़ी में डाल लिया और उनके दो साथी ट्रैक्टर लेकर चल दिए। इसके बाद गाड़ी में बैठे बदमाशों ने मारपीट की और हम दोनों को हाथ पैर बांधकर ग्राम डुड़वा बुजुर्ग के बाईपास पर एक मक्का के खेत में फेंक दिया। वे तीन हजार रुपये और दोनों मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
वारदात के करीब डेढ़ दो घंटे के बाद किसी प्रकार दोनों ने अपने बंधन खोले और मामले की सूचना कोतवाल अमरपाल सिंह को दी। देर रात ट्रैक्टर लूट की खबर मिलते ही पुलिस ने कई जगह नाकेबंदी कराकर बदमाशों को तलाशा लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। सुधीर ने बताया कि ट्राली में भूसा भरा था। आधा दर्जन असलहाधारी बदमाशों के खिलाफ ट्रैक्टर ट्राली लूट ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया है।