मुर्गी फार्म मालिक की हत्या में पुलिस ने आरोपी साले को बस स्टैंड से रविवार देर रात गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने सुपारी लेकर हत्या करने की बात स्वीकारी है। हत्या की एक वजह लेनदेन भी बताई जा रही है। पुलिस सुपारी देने वाले युवक की तलाश कर रही है। रविवार रात शेखाना निवासी अब्दुल हबीब की उसके चचेरे साले ने चौधरियापुर रोड स्थित मुर्गी फार्म के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मामले में छिबरामऊ के सैय्यदबाड़ा निवासी शीलू उर्फ अफजल पुत्र गुड्डन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि पुलिस ने रविवार रात आरोपी शीलू को रोडवेज बस स्टैंड से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में शीलू ने बताया कि अब्दुल हबीब उसके साथ अक्सर मारपीट किया करता था। इसी बात को लेकर वह उससे नाराज रहता था। पूछताछ में बताया कि अब्दुल हबीब का सैय्यदबाड़ा निवासी एक युवक पर काफी रुपया बकाया था।
चार दिन पहले भी वह शीलू के साथ तगादा करने के लिए छिबरामऊ गया था। इस दौरान लेनदेन को लेकर काफी वाद-विवाद हुआ था। अब्दुल हबीब के चले आने के बाद शीलू ने उस युवक से संपर्क किया। बातचीत के दौरान उस युवक ने शीलू को हत्या के लिए पचास हजार की सुपारी दी। शीलू के मुताबिक वह लालच में आ गया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि सुपारी देने वाले युवक को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।