वैवाहिक समारोह में द्वारचार के दौरान बैंड बाजे को आगे बढ़ाने के लिए लड़की के भाई और कुछ बारातियों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। इसमें चार बारातियों और लड़की का भाई व एक अन्य युवक घायल हो गया। बवाल के बाद दूल्हे ने फेरे लेने से इनकार कर दिया, लेकिन पुलिस के पहुंचने के बाद विवाह हो गया।
सोमवार को इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव लालमनपुरवा मछिला निवासी ललित कुमार की सदर कोतवाली क्षेत्र के मियांगंज गांव निवासी बहादुर की पुत्री खुशबू से शादी थी। वैवाहिक समारोह में द्वारचार के दौरान आंधी चलने लगी। इससे लड़की के भाई अनूप कुमार ने बारातियों से बैंड बाजे को जल्दी दरवाजे तक पहुंचाकर खाने-पीने की बात कही। इसी बात पर बारातियों और अनूप के बीच गाली-गलौज होने के साथ मारपीट हो गई।
बारातियों और घरातियों के बीच जमकर लाठी-डंडों के साथ पथराव हो गया। इसमें अनूप, गांव का मानसिंह व बाराती अंकित कुमार निवासी चांदपुर गागनपुर भरथना इटावा और पंकज कुमार निवासी जिगना झींझक मंगलपुर कानपुर देहात, विवेक कुमार व अरुण कुमार निवासी लालमनपुरवा मछिला इंदरगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद सुबह दूल्हे ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझौता कराने के बाद वैवाहिक रस्मों को पूर्ण कराते हुए दुल्हन को विदा कर दिया।