शहर के एक प्राइवेट बैंक में हंगामा कर रहे युवक को पुलिस ने मना किया तो युवक पुलिस पर हावी हो गया। वर्दी उतरवाने की धमकी देते हुए धक्कामुक्की करने लगा। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। देर शाम तक युवक को छुड़ाने के लिए नेताओं की पैरवी चलती रही।
शहर के मोहल्ला शेखाना निवासी इशराइल किसी काम से कोतवाली के निकट स्थित एक प्राइवेट बैंक शाखा में गया था। वह बार-बार बैंक परिसर के अंदर हंगामा कर रहा था। ड्यूटी पर लगे कोतवाली के सिपाही अनिल ने उसे कई बार मना किया, लेकिन वह नहीं माना। जब पुलिस ने उस पर सख्ती बरती तो वह पुलिस पर ही हावी हो गया।
पुलिस से धक्कामुक्की करते हुए उसकी वर्दी उतरवा देने की धमकी दी। इस पर सिपाही ने कोतवाली फोन लगाया। सूचना मिलते ही कई पुलिस जवान मौके पर पहुंच गए। युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली लाए। युवक को कोतवाली से छुड़ाने के लिए कई लोगों ने प्रयास किया, लेकिन कोतवाली प्रभारी आलोक सिंह यादव ने एक न सुनते हुए युवक को बैठा लिया। देर शाम तक युवक को छुड़ाने के लिए कोतवाल के पास फोन आते रहे।