कोतवाली पुलिस ने बुधवार को क्षेत्र में असलहा की फैक्ट्री पकड़ी है। यहां से पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही बने-अधबने असलह बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले चुनाव में बिक्री के लिए इन असलहों को तैयार किया जा रहा था।
क्षेत्राधिकारी सोमेंद्र कुमार नेगी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने वाले अपराध व आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाल राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में दारोगा गणेश प्रसाद मिश्रा, दारोगा लालसिंह व एचसीपी रामपाल की टीम ने पुलिस बल के साथ शहर की पुरानी तहसील परिसर के खंडहर से कांशीराम कालोनी निवासी कामेंद्र शेखर दीक्षित व नईबस्ती गंगेश्वरनाथ निवासी विवेक वर्मा को गिरफ्तार किया है।
मौके से पुलिस को एक तमंचा 315 बोर, एक 12 बोर अधबना तमंचा, सात अधबने तमंचे समेत शस्त्र बनाने के भारी मात्रा में उपकरण बरामद हुए हैं। सीओ ने बताया कि अभियुक्तों द्वारा होने वाले विधानसभा चुनाव में उक्त असलहों को तैयार कर अराजकतत्वों को बेचना था।