अमर उजाला ब्यूरो
ठठिया (कन्नौज)। बुआ की शादी में भतीजे की हत्या करने वाले आरोपी के दोस्त ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। फोन कर आरोपी ने कहा कि अगर उन लोगों ने हत्या का मुकदमा वापस न लिया तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने धमकी देने वाले युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
29 अप्रैल को दौलतपुर निवासी विजय सिंह की सिपाही बहन की शादी थी। इस दौरान विजय सिंह के सात वर्षीय भतीजे गगन की पड़ोसी नजरुल अली ने हत्या कर दी थी। जेल में बंद नजरुल अली के दोस्त सदीब खां निवासी गुरसहायगंज ने विजय सिंह को फोन कर जान से मारने की धमकी दी। फोन पर सदीब खां ने कहा कि वह जेल में नजरुल से मिलने गया था।
नजरुल अली ने कहा कि अगर विजय सिंह ने हत्या का मुकदमा वापस न लिया तो उसे व उसके परिवार को जान से मार दो। थाना पुलिस ने विजय सिंह की तहरीर पर सदीब खां के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
-सिपाही बुआ की शादी समारोह में हुई थी युवक की हत्या