तिर्वा (कन्नौज)। मेडिकल कालेज में मां के साथ पहुंचे मासूम को टॉफी का लालच देकर कुकर्म का प्रयास करने के आरोपी की पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। शुक्रवार को पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी। उसका पता नहीं चला।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसका पांच वर्षीय पुत्र अपनी मां के साथ मेडिकल कालेज में दवा लेने आया था। वह नेत्र विभाग में खड़ा था, तभी मेडिकल कालेज में तैनात वार्ड ब्वाय आशीष गुप्ता वहां आया। बच्चे को टॉफी का लालच देकर एकांत में ले गया। वहां उसके साथ कुकर्म का प्रयास करने लगा। शोरगुल सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंचीं। उन्हें देखकर आरोपी भाग गया। कोतवाल टीपी वर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही पकड़कर जेल भेजा जाएगा। वहीं सीएमएस डा. दिलीप सिंह ने बताया कि आरोपी को मेडिकल कालेज की नौकरी से निकाल दिया गया है। ठेका कंपनी द्वारा आरोपी को वार्ड ब्वाय पद पर लगाया गया था।