ठठिया। पड़ोसी युवक की छेड़खानी से आजिज होकर फांसी लगाकर जान वाली छात्रा की मां ने युवक समेत परिवार के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू की है।
ठठिया थानाक्षेत्र के गांव माहसैंया में रहने वाले रमेश चंद्र की 18 वर्षीय बेटी अर्चना बीएससी की छात्रा थी। करीब दो साल से पड़ोस में रहने वाला रूप सिंह उर्फ बबलू अर्चना से छेड़खानी कर जबरिया शादी करने की धमकी देता था। इससे परेशान होकर अर्चना ने 23 जून को घर में फांसी लगा ली थी। 25 जून को अर्चना ने कानपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। शनिवार को अर्चना की मा माधुरी देवी ने बेटी के साथ छेड़खानी करने वाले रूप सिंह उर्फ बबलू पुत्र रामबली और उसके पिता रामबली, गोकरन सिंह, भाई सुनील और शिवसरन, बृजेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मृतका अर्चना की मां ने बताया कि तीन साल से रूप सिंह जबरन अर्चना से शादी करने की धमकी देता था। 29 अप्रैल को ठठिया थाना में इसकी शिकायत भी की थी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। रूप सिंह और उसके परिवार के उक्त लोगों ने उसकी बेटी को शादी न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली थी। थाना प्रभारी अमर पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शोहदा समेत परिवार के छह लोगों पर एफआईआर
- पड़ोसी युवक की छेड़खानी से आजिज बीएएसी की छात्रा ने फांसी लगा दी थी जान